मनु भाकर ने टोक्यो ओलंपिक की तैयारी को किया पुख्ता, NSC में जीते दो स्वर्ण पदक

टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारत की पदक की सबसे बड़ी दावेदार मनु भाकर ने ओलम्पिक की अपनी तैयारी को पुख्ता करते हुए नेशनल शूटिंग

भोपाल:  टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारत की पदक की सबसे बड़ी दावेदार मनु भाकर ने ओलम्पिक की अपनी तैयारी को पुख्ता करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में मंगलवार को व्यक्तिगत रूप से दो स्वर्ण पदक और हरियाणा की टीम की तरफ से भी दो स्वर्ण पदक जीता। 

कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन निशानेबाज़ मनु भाकर ने मंगलवार को नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में जूनियर और सीनियर लेवल दोनों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता। 17 वर्षीय मनु ने जूनियर इवेंट के फाइनल में 241.5 का स्कोर और सीनियर इवेंट के फ़ाइनल में 243 का स्कोर करके गोल्ड मेडल हासिल  किया।  

हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाली 17 वर्षीय भाकर ने मंगलवार को प्रतियोगिता में कुल चार गोल्ड मैडल जीता। व्यक्तिगत तौर पर दो गोल्ड मेडल जीतने से पहले उन्होंने हरियाणा टीम की ओर से भी दो गोल्ड मैडल जीते। 

Manu Bhaker

आपको बता दें यह नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप भोपाल में चल रही है। आपको बता दें कि मनु पहले ही टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। मनु 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मात्र 16 साल  की उम्र में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था।

मनु ISSF विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय हैं। भाकर का जन्म हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गाँव में हुआ था। उनके पिता राम किशन भाकर मर्चेंट नेवी में चीफ इंजीनियर के रूप में काम करते हैं। 

यह भी पढ़ें: 2019 साल रोहित शर्मा के प्रदर्शन के लिए याद किया जायेगा, रिकॉर्ड इतने कि गिनना मुश्किल
 

मनु भाकर ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए अपनी तैयारी को पुख्ता कर दिया है। भारत को इस बार टोक्यो ओलम्पिक में मनु भाकर से 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में मेडल लाने की उम्मीद है। 

मनु भाकर अक्सर जिस टूर्नामेंट में अब तक भाग लिया है उसमे उन्होंने गोल्ड मेडल ही जीता है। इसलिए सभी भारतीय उनसे टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक से कम की उम्मीद नहीं कर रहें हैं।