इंग्लैंड की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना दुनिया के सबसे कठिन कामों में से एक माना जाता है। यहां तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम दोनों का संगम देखने को मिलता है, जिससे बड़े स्कोर बनाना आसान नहीं होता।
इसके बावजूद कुछ बल्लेबाजों ने इंग्लैंड की धरती पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई वनडे शतक लगाए हैं। खास बात यह है कि इस सूची में एकमात्र भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने बेहद कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है।
1. जो रूट – 10 शतक (90 पारियां)
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने अपने घरेलू मैदानों पर 90 वनडे पारियों में 10 शतक लगाए हैं।
2. मार्कस ट्रेस्कोथिक – 8 शतक (60 पारियां)
इंग्लैंड के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक ने 60 पारियों में 8 शतक जड़े।
3. रोहित शर्मा – 7 शतक (27 पारियां)
भारतीय पूर्व वनडे टीम कप्तान रोहित शर्मा इस सूची के सबसे खास बल्लेबाज हैं। उन्होंने सिर्फ 27 पारियों में 7 शतक लगाकर अपनी महानता साबित की है। यानी लगभग हर चार पारियों में एक शतक। इंग्लैंड जैसी कठिन परिस्थितियों में यह रिकॉर्ड किसी भी बल्लेबाज के लिए असाधारण माना जाता है।
4. जॉनी बेयरस्टो – 7 शतक (58 पारियां)
इंग्लैंड के आक्रामक सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने 58 पारियों में 7 शतक बनाए हैं। बेयरस्टो शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। पावरप्ले का पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने कई बार इंग्लैंड को शानदार शुरुआत दिलाई और बड़े स्कोर खड़े किए।
5. जेसन रॉय – 6 शतक (59 पारियां)
जेसन रॉय ने इंग्लैंड की सीमित ओवरों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 59 पारियों में 6 शतक लगाने वाले रॉय अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रहे।
6. इयोन मॉर्गन – 6 शतक (111 पारियां)
इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान इयोन मॉर्गन ने 111 पारियों में 6 शतक लगाए। हालांकि उनके शतकों की संख्या कम दिखती है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी ताकत टीम की जरूरत के अनुसार बल्लेबाजी करना थी।
7. ग्राहम गूच – 5 शतक (45 पारियां)
इंग्लैंड के महान बल्लेबाज ग्राहम गूच ने 45 पारियों में 5 शतक बनाए। अपने दौर के सबसे मजबूत बल्लेबाजों में शामिल गूच ने कठिन परिस्थितियों में भी घर पर शानदार बल्लेबाजी की।
8. जोस बटलर – 5 शतक (73 पारियां)
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 73 पारियों में 5 शतक लगाए हैं। बटलर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड सबसे खास क्यों?
जहां जो रूट को 10 शतक बनाने के लिए 90 पारियां लगीं और ट्रेस्कोथिक को 8 शतकों के लिए 60 पारियां खेलनी पड़ीं, वहीं रोहित शर्मा ने सिर्फ 27 पारियों में 7 शतक ठोक दिए। यह आंकड़ा बताता है कि रोहित शर्मा को इंग्लैंड की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना पसंद है। देखना दिलचस्प होगा कि 14 जुलाई से शुरू होने जा रहे वनडे मुकाबले में कैसे प्रदर्शन करते हैं?





