भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए 17 नवंबर 2026 का दिन भावुक करने वाला है। जिस खिलाड़ी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया, अब वह इस टूर्नामेंट में बतौर खिलाड़ी नजर नहीं आएंगे।
एमएस धोनी ने आईपीएल से बतौर खिलाड़ी संन्यास ले लिया है। हालांकि, क्रिकेट से उनका नाता अभी खत्म नहीं हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें आईपीएल 2027 के लिए टीम का मेंटर चुना गया है। यानी अब धोनी मैदान पर बल्ले और विकेटकीपिंग से नहीं, बल्कि अपने अनुभव से टीम के खिलाड़ियों की मदद करते नजर आएंगे।
आइए जानते हैं उनके करियर के बारे -
2008 में पहली बार खेले थे आईपीएल
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपना पहला आईपीएल मुकाबला 19 अप्रैल 2008 को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला था। उस समय धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान थे।
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में दो फ्रेंचाइजी के लिए क्रिकेट खेला। उन्होंने 2008 से 2015 तक चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी किए। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से खेले। फिर 2018 में CSK की वापसी के साथ वह एक बार फिर पीली जर्सी में नजर आए और अपने करियर के अंत तक इसी टीम से जुड़े रहे।
2025 में खेला था अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला
धोनी का आईपीएल करियर 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ समाप्त हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उन्होंने अपने करियर का आखिरी आईपीएल मैच खेला। इसके बाद वह आईपीएल 2026 में चोट के कारण एक भी मुकाबला नहीं खेल सके। इस तरह 2025 का सीजन उनके खिलाड़ी के रूप में करियर का आखिरी सीजन साबित हुआ। इस मैच में इनकी बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था।
एमएस धोनी का आईपीएल करियर: एक नजर में
धोनी ने अपने 18 साल के आईपीएल करियर में बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और कप्तानी तीनों में शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन इस बात की गवाही देते हैं कि वह इस लीग के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक रहे हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मुकाबले खेले, जिसकी 242 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 5,439 रन बनाए। इस दौरान धोनी 100 बार नाबाद रहे और उनका सर्वोच्च स्कोर 84* रन रहा। उन्होंने 38.30 की शानदार औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। धोनी के बल्ले से आईपीएल में 24 अर्धशतक निकले। वहीं, उन्होंने 375 चौके और 264 छक्के भी लगाए।
इसके अलावा विकेटकीपिंग में भी धोनी का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने आईपीएल में कुल 158 कैच पकड़े और 47 बल्लेबाजों को स्टंपिंग के जरिए पवेलियन भेजा। अपने प्रदर्शन के दम पर उन्हें 18 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। वहीं, कप्तान के रूप में उन्होंने 136 मुकाबलों में जीत दर्ज की।
कप्तानी में CSK को बनाया पांच बार चैंपियन
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की बात करें तो उनका नाम आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जिताई।
धोनी की कप्तानी में CSK ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब अपने नाम किया। उन्होंने अपनी कप्तानी में कुल 136 मुकाबलों में जीत दर्ज की। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम ने कई बार मुश्किल हालातों से वापसी करते हुए खिताब जीता।
अब खिलाड़ी नहीं, मेंटर की भूमिका में दिखेंगे धोनी
आईपीएल में बतौर खिलाड़ी धोनी का सफर भले ही खत्म हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता आगे भी जारी रहेगा। IPL 2027 से वह टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
धोनी के अनुभव का फायदा अब CSK के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा। मैदान पर फिनिशर और कप्तान के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले धोनी अब ड्रेसिंग रूम से टीम को दिशा देते नजर आएंगे।





